बिहार के नालंदा से एक बड़ी खबर सामने आई है, यहां एक निर्माणधीन फ्लाई ओवर का स्लैब गिर गया। जिसमें दबकर एक मजदूर की मौत हो गयी है। वहीं पुल का निर्माण करने वाली कंपनी के इंजीनियर और दूसरे कर्मी मौके से फरार हो गए। ये हादसा उस वक्त हुआ जब बीम को क्रेन के माध्यम से चढ़ाया जा रहा था, इस दौरान वह अनियंत्रित होकर गिर गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ इक्कट्ठा हो गई। इधर घटना की जानकारी होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई है।
घटना नालंदा के बिना थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि हादसे में शिकार हुए कर्मी का शव बीम के नीचे दबा हुआ है। उसे क्रेन की सहायता के बिना नहीं निकाला जा सकेगा। वहीं बीम के मलबे के नीचे कुछ और लोग दबे होने की बात सामने आई है। इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी लक्ष्मण कुमार का कहना है कि स्थिति के बारे में जानकारी ली जा रही है।
घटना उस वक्त हुआ जब निर्माणाधीन बख्तियारपुर रजौली एन एच 20 पर शुक्रवार की शाम क्रेन के माध्यम से बीम को पिलर के ऊपर रखा जा रहा था। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि बीम को पिलर के ऊपर रखने के वक्त बैलेंस बिगड़ गया और दो हिस्सों में टूटकर बीम नीचे गिर गया। वहीं कुछ लोगों का यह भी कहना है कि घटिया निर्माण की वजह से बीम बीच से टूट गया।