वाराणसी। बड़ागांव थानाक्षेत्र के अनौरा गांव में गर्भवती महिला की सांप (Snakebite) काटने से मौत हो गयी। सर्पदंश से मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। महिला का पति गुजरात में काम करता है, जब उसे यह सूचना दी गयी तो उसने अंत्योष्टि करने से मना कर दिया। इसके बाद परिजन पिछले 36 घंटों से उसके वाराणसी आने का इंतजार कर रहे हैं। शव की स्थिति खराब होती जा रही है पर परिजन पति का इंतजार कर रहे हैं। पति के आज घर पहुँचने की संभावना है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बड़ागांव थानाक्षेत्र के अनौरा गांव के राजू चौहान की शादी 3 साल पहले जौनपुर निवासनी मनीषा चौहान से हुई थी। राजू को अभी तक संतान नहीं थी और वह गुजरात में निजी कंपनी में कार्य करता है। परिजनों के अनुसार शुक्रवार की रात खाना खाने के बाद मनीषा किचन में बर्तन धो रही थी, उसी समय उसे जहरीले सांप ने डस लिया।
चीख सुनकर परिजन मनीषा को लेकर अस्पताल पहुंचे जहां उन्होंने उसे मृत घोषित कर दिया। कुछ ग्रामीणों के कहने पर परिजनों ने शव की झाड़-फूक भी करवाई। फिलहाल आज राजू चौहान के आने के बाद शव की अंत्योष्टि होगी।