वाराणसी। शासन के आदेश पर जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा के द्वारा दिए गए निर्देश के क्रम में लगातार स्वास्थ्य विभाग Varanasi में अवैध अस्पतालों पर कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सूचना मिलने पर लंका थानाक्षेत्र के नारिया इलाके में धड़ल्ले से चल रहे अवैध अस्पताल को सीज कर दिया। इस दौरान अस्पताल संचालक मौके से गायब मिला। फिलहाल अधिकारियों ने संचालक के विरुद्ध कार्रवाई किये जाने की संस्तुति की है।
नारिया के सहयोग अस्पताल पर चढ़ा ताला
इस सम्बन्ध में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ संदीप चौधरी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर varanasi में लगातार अवैध अस्पतालों पर कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मिली सूचना के आधार पर नारिया स्थित ‘सहयोग हॉस्पिटल’ को गुरुवार को बंद करवा दिया गया। उन्होंने बताया कि इस अस्पताल के औचक निरीक्षण में स्वास्थ्य विभाग की टीम को सिर्फ एक ही स्टाफ मिला। उसका नाम निशा था।
अस्पताल में मिला एक स्टाफ और दो बेड
निशा ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को जानकारी देते हुए बताया कई डाॅ. टीएस उपाध्याय (BAMS) यहां पर सुबह और शाम बैठते हैं। साथ ही उसने यह भी बताया कि एक अन्य, डाॅ. एमके सिंह काफी समय से बीमार चल रहे हैं। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में केवल 2 ही बेड पड़े थे। वहीं कुछ एलोपेथिक दवाएं और इंजेक्शन रखे थे।
फोन पर दी संचालक को जानकारी
सीएमओ ने आगे बताया कि मौके पर अस्पताल संचालक भी नदारद रहा जिसपर उसे फोन कर बताया गया कि अस्पताल को सीज किया जा रहा है। बता दें कि यह अस्पताल बिना रजिस्ट्रेशन के ही संचालित हो रहा था।